अनिल मिश्र / पटना
कर्मठ, ईमानदार एवं तेज-तर्रार आईपीएस पदाधिकारी विकास वैभव के मगध क्षेत्र के आईजी के रूप में स्थानांतरण का आम जनता ने स्वागत किया है। सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने कहा कि विकास वैभव ने एक पुलिस अधिकारी के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान कई उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं और आमजनों के बीच उनकी एक सकारात्मक एवं जनप्रिय छवि रही है।
उन्होंने कहा कि एक समय रोहतास किला क्षेत्र नक्सली गतिविधियों से प्रभावित था। उस दौर में विकास वैभव के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए क्षेत्र को नक्सलियों से मुक्त कराया तथा ऐतिहासिक रोहतास किला पर तिरंगा ध्वज फहराया गया। उनके नेतृत्व में कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया और नए जीवन की शुरुआत की।
हिमांशु शेखर ने कहा कि विकास वैभव ने पुलिस और आम जनता के बीच बढ़ती दूरी को कम करने का कार्य किया। उनकी कार्यशैली के कारण लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और आमजन उन्हें अपने परिवार के सदस्य की तरह मानते हैं।
मार्च 2021 में उन्होंने “आइए, मिलकर प्रेरित करें बिहार” (लेट्स इंस्पायर बिहार) अभियान की शुरुआत की थी। शिक्षा, समता और उद्यमिता को केंद्र में रखकर शुरू हुए इस अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों का व्यापक समर्थन मिला। भारतीय इतिहास, संस्कृति, प्रेरणादायक विचारों और सामाजिक विषयों पर उनके नियमित लेखन एवं संवाद के कारण युवाओं और समाज में उनकी विशेष पहचान बनी हुई है।
भारतीय इतिहास एवं संस्कृति, आतंकवाद अध्ययन, ऐतिहासिक स्थलों की यात्राएँ और शोधपरक लेखन उनकी प्रमुख अभिरुचियाँ हैं। लोगों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में मगध क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आमजनों को बेहतर पुलिस व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
हिमांशु शेखर, अबरार आलम, सौम्या अथर्व, प्रमोद कुमार, डॉ. अमित नारायण रघु और नागेंद्र सिंह सहित कई लोगों ने विकास वैभव को शुभकामना संदेश प्रेषित किया है।
