सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
यह वाकया अयोध्या परिक्षेत्र के सुल्तानपुर जनपद अंतर्गत बंधुआ कला थाना क्षेत्र का है। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर सहाबागंज अंडरपास के समीप अक्सर राहगीर महिलाओं को देखकर एक शोहदा अश्लील टिप्पणियां और फब्तियां कसते हुए भद्दे गाने गाता था। इसकी शिकायत सोमवार को पुलिस की मिशन शक्ति टीम को प्राप्त हुई, जिस पर मिशन शक्ति प्रभारी दरोगा विपिन पाठक, दीवान मणिराय, माधुरी व आरती ने अपने अंदाज में फौरी एक्शन लिया। मौके पर पहुंचकर मिशन शक्ति टीम ने आरोपी को रंगे हाथ दबोच लिया। उसकी ‘खातिरदारी’ भी की और बंधुआ कला थाने पर अभियुक्त के विरुद्ध अपेक्षित धाराओं में अभियोग पंजीकृत करा दिया। बता दें कि सुल्तानपुर में आईपीएस चारु निगम की तैनाती के बाद से पुलिस ऐसे अपराधों को लेकर खासी चौकन्नी है और सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के साथ अभद्रता करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरंतर कठोर कदम उठा रही है।
