मंदाना करीमी ने भारत छोड़ने का फैसला लेकर फैंस को बड़ा झटका दिया है। करीब १६ साल तक इंडिया में रहने के बाद एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट शेयर कर बताया कि अब वह नई जिंदगी की शुरुआत करने जा रही हैं। एयरपोर्ट से शेयर किए गए वीडियो में मंदाना ने लिखा कि भारत को अलविदा कहना उनके लिए आसान नहीं है, क्योंकि यह देश उनका दूसरा घर बन चुका था। मंदाना ने खुलासा किया कि पिछले कुछ समय से उन्हें लगातार धमकियां और नफरत भरे मैसेज मिल रहे थे। ईरान के लोगों और महिलाओं की आजादी के समर्थन में आवाज उठाने की वजह से वह काफी परेशान थीं। एक्ट्रेस ने कहा कि भारत ने उन्हें करियर, दोस्त और नई पहचान दी, लेकिन अब उनकी प्राथमिकताएं बदल चुकी हैं। हालांकि, मंदाना ने यह नहीं बताया कि वह किस देश में जा रही हैं। उन्होंने साफ कहा कि ईरान उनका घर है, लेकिन वहां लौटना फिलहाल उनके लिए संभव नहीं है।
