मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिभीषण गर्मी में आदिवासी परिवारों को मिला सहारा, 140 मजदूर परिवारों में...

भीषण गर्मी में आदिवासी परिवारों को मिला सहारा, 140 मजदूर परिवारों में बांटी गई भोजन सामग्री और छाते

रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई

महाराष्ट्र के वाडा, दहाणू और विक्रमगड तालुका के ईंट भट्ठों पर तपती गर्मी में काम कर रहे आदिवासी मजदूर परिवारों के लिए मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की गई। पवई के गुप्ता परिवार की ओर से 140 आदिवासी मजदूर परिवारों को भोजन सामग्री और छातों का वितरण कर उन्हें राहत पहुंचाई गई।

यह सेवा कार्य वसई पूर्व स्थित जूचंद्र के शिव छत्रपति समाज सेवा मंडल के माध्यम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद परिवारों को चावल, दाल, चना दाल, शक्कर, चाय पत्ती, खाद्य तेल, मसाले, हल्दी, नमक, बिस्किट, रवा समेत दैनिक उपयोग की कई जरूरी खाद्य सामग्री वितरित की गई। भीषण धूप और गर्मी से बचाव के लिए छातों का भी वितरण किया गया।

शिव छत्रपति समाज सेवा मंडल के अध्यक्ष पुरुषोत्तम पाटिल ने बताया कि पवई के उद्योगपति सुभाष गुप्ता ने अपने दिवंगत पुत्र साकार गुप्ता की 22वीं स्मृति दिवस के अवसर पर यह सेवा कार्य किया। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित और मेहनतकश वर्ग की सहायता करना ही साकार गुप्ता को सच्ची श्रद्धांजलि है।

ईंट भट्ठों पर काम करने वाले आदिवासी परिवारों ने इस पहल के लिए गुप्ता परिवार और समाज सेवा मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया। मजदूरों का कहना था कि भीषण गर्मी और आर्थिक कठिनाइयों के बीच यह मदद उनके लिए बड़ी राहत साबित हुई है।

कार्यक्रम में सुबोध गुप्ता, रामस्वरूप अग्रवाल, भाताने गांव के सरपंच, उपसरपंच, पूर्व सभापति, आंगनबाडी कार्यकर्ता, समाजसेवक किरण म्हात्रे, मिलिंद पाटिल, धर्माजी म्हात्रे और विद्याधर भोईर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समाज सेवा मंडल की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि समाज के सक्षम वर्ग को जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए, ताकि कठिन परिस्थितियों में जी रहे लोगों को राहत मिल सके।

अन्य समाचार