सुरेश गोलानी / भायंदर
भायंदर पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो चंद ही मिनटों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर रफूचक्कर हो जाता था। आरोपी की पहचान १९ वर्षीय अरबाज उस्मान खान के रूप में हुई है, जो मुंबई के मालाड पश्चिम स्थित मालवणी इलाके का रहने वाला है। अरबाज ने कुछ दिनों पहले भायंदर पश्चिम स्थित मोदी पटेल रोड निवासी देवांग जाटकिया की होंडा एक्टिवा स्कूटर उनके घर के बाहर से चुरा ली थी।
देवांग द्वारा भायंदर पुलिस थाने में बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराने के बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र कांबले के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक (क्राइम) महेंद्र निंबालकर ने एक विशेष टीम गठित कर घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी वैâमरों की फुटेज खंगाली। चोरी की पूरी घटना वैâमरे में वैâद हो चुकी थी और आरोपी का चेहरा साफ-साफ पहचाना जा सकता था। तकनीकी विश्लेषण और खबरी नेटवर्क के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर अरबाज को मालवाणी इलाके से धरदबोचा। देवांग की होंडा एक्टिवा के अलावा पुलिस ने अरबाज के कब्जे से दो और चोरी की बाइक बरामद करने में कामयाबी हासिल की है। जांच के दौरान पता चला कि अरबाज के खिलाफ खार और गोरेगांव पुलिस थानों में बाइक चोरी के मामले पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस को संदेह है कि अरबाज किसी अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का सक्रिय सदस्य है।
