मुख्यपृष्ठनए समाचारसीएनजी हुई और महंगी! ...ऑटो, टैक्सी और कार चालकों की जेब पर...

सीएनजी हुई और महंगी! …ऑटो, टैक्सी और कार चालकों की जेब पर पड़ेगा सीधा असर

एजेंसी / मुंबई
देश में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच अब सीएनजी वाहन चलाने वालों को भी बड़ा झटका लगा है। महानगर गैस लिमिटेड ने मुंबई में सीएनजी की कीमतों में २ रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें लागू होने के बाद अब मुंबई में ८४ रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिलेगी। यह पैâसला ऐसे समय आया है, जब देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है और आम लोग पहले से ही महंगे ईंधन के दबाव का सामना कर रहे हैं। इस बढ़ोतरी का सीधा असर लाखों ऑटो रिक्शा, टैक्सी और निजी सीएनजी वाहन चालकों की जेब पर पड़ेगा। मुंबई और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल-डीजल की तुलना में सस्ती होने की वजह से सीएनजी वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन, अब लगातार बढ़ती कीमतों ने इस सस्ते ईंधन का लाभ भी कम कर दिया है। मनी कंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में इसका असर ट्रांसपोर्ट किराए और रोजमर्रा के खर्चों पर भी देखने को मिल सकता है।
घरेलू बाजार में गैस की कीमतों पर दबाव
दिलचस्प बात यह है कि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें फिलहाल बहुत ज्यादा नहीं बढ़ी हैं। ब्रेंट क्रूड लगभग १०६ डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है। इसके बावजूद घरेलू बाजार में गैस और ईंधन की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। इसकी एक बड़ी वजह डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी मानी जा रही है। गुरुवार को भारतीय रुपया हल्की गिरावट के साथ ९५.७३ प्रति डॉलर पर खुला, जबकि १३ मई (बुधवार) को यह ९५.७१ पर बंद हुआ था। कमजोर रुपया भारत के लिए कच्चा तेल और गैस आयात करना महंगा बना देता है, जिसका असर सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचता है।
गैस की कीमतों में आगे भी बढ़ोतरी?
एक्सपर्ट्स का कहना है कि मध्य पूर्व में जारी तनाव और वैश्विक बाजारों में बनी अनिश्चितता की वजह से ऊर्जा कीमतों पर दबाव बना हुआ है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए अंतर्राष्ट्रीय बाजार में हल्की हलचल भी घरेलू कीमतों को प्रभावित करती है। अगर आने वाले समय में कच्चे तेल की कीमतें और बढ़ती हैं या रुपया और कमजोर होता है, तो पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों में आगे भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

अन्य समाचार