मुख्यपृष्ठनए समाचारचाकणकर की ‘चालाकी' ... नहीं था पता, खराब था खरात! ... ‘ईडी’...

चाकणकर की ‘चालाकी’ … नहीं था पता, खराब था खरात! … ‘ईडी’ के सामने रो पड़ी रुपाली

सामना संवाददाता / मुंबई
महिलाओं के यौन और आर्थिक शोषण के आरोपों में गिरफ्तार कथित भोंदूबाबा अशोक खरात मामले में पूर्व राज्य महिला आयोग अध्यक्ष रुपाली चाकणकर की मुश्किलें बढ़ती नजर आईं। अशोक खरात की पूजा करते हुए उनका एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया और सुषमा अंधारे ने भी रुपाली चाकणकर पर सवाल उठाए थे। अब चर्चा है कि ईडी की पूछताछ में चाकणकर रो पड़ी थीं।
बता दें कि मामले के दौरान यह दावा भी किया गया था कि रुपाली चाकणकर ने विशेष पूजा के तहत अपनी अनामिका उंगली काटकर अघोरी पूजा की थी। लगातार बढ़ते विवाद और राजनीतिक दबाव के बीच उन्हें महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा। इसी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और एसआईटी ने रुपाली चाकणकर से लंबी पूछताछ की। करीब साढ़े आठ घंटे चली पूछताछ के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनका अशोक खरात के साथ किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन नहीं हुआ है, बल्कि उन्हें यह भी पता नहीं था कि खरात इतना खराब बाबा था।
रुपाली चाकणकर ने बताया कि एसआईटी ने उनसे कई सवाल पूछे और उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया। जांच एजेंसियां अशोक खरात द्वारा नासिक जिले के सिन्नर तालुका के मिरगांव में ‘श्री शिवनिका संस्थान’ के तहत बनाए गए श्री ईशान्येश्वर मंदिर और उससे जुड़े ट्रस्ट की गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही हैं। इस ट्रस्ट के विश्वस्त मंडल में चाकणकर का भी नाम शामिल बताया जा रहा है।

भूमिका की जारी है जांच
खरात के दरबार में कई राजनीतिक नेताओं और उद्योगपतियों की मौजूदगी की चर्चाएं पहले ही सामने आ चुकी हैं। ऐसे में जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि इस पूरे प्रकरण में रुपाली चाकणकर की भूमिका क्या थी और उनका अशोक खरात से संबंध किस स्तर तक था?

अन्य समाचार