मुख्यपृष्ठनए समाचाररिलेशनशिप, पैसा वसूली फिर हरे ड्रम में लाश!..पैसों की खातिर प्रेमिका ने...

रिलेशनशिप, पैसा वसूली फिर हरे ड्रम में लाश!..पैसों की खातिर प्रेमिका ने कर दिया प्रेमी का कत्ल

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंब्रा में दिल दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है। पेशे से नर्स ने भाई के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी। कत्ल को अंजाम देने के बाद लाश को एक हरे रंग के ड्रम में डालकर वसई की खाड़ी में फेक दिया। नर्स और उसके प्रेमी के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। पैसे वसूली को लेकर हुई इस हत्या के मामले में पुलिस ने नर्स और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
मुंब्रा पुलिस के मुताबिक, नर्स और उसके भाई को एक सिविल इंजीनियर को पाइप से पीट-पीटकर मार डालने के आरोप में पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, शादीशुदा नर्स कथित तौर पर मृतक अरबाज के साथ रिलेशनशिप में थी। अरबाज डोंबिवली में एक प्राइवेट फर्म में काम करता था। ३ मई को वह काम का पेमेंट लेने दादर गया था। देर रात तक जब वह घर वापस नहीं आया और मोबाइल बंद बताने लगा तो उसके पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने अरबाज के कॉल डिटेल रिकॉर्ड को खंगाला तो उसकी आखिरी लोकेशन वसई में मिली। जांच में पता चला कि अरबाज के गायब होने वाले दिन नर्स भी उसी इलाके में थी। उक्त जानकारी मिलते ही पुलिस ने नर्स का लोकेशन ट्रेस कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी नर्स से पूछताछ में पता चला कि नर्स और अरबाज के बीच पैसों को लेकर झगड़ा चल रहा था। नर्स ने अरबाज को पैसे दिए थे और उन्हें वापस मांग रही थी। कई महीने बीत जाने के बावजूद अरबाज ने पैसे नहीं लौटाए तो नर्स ने अपने भाई और पति के साथ मिलकर अरबाज से पैसे ऐंठने का प्लान बनाया और मामला सुलझाने के बहाने उसे वसई बुलाया।
पुलिस के मुताबिक, अरबाज वसई पहुंचा तो आरोपियों ने एक कमरे में उसके हाथ पैर बांधकर पाइप से जमकर पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। फिर लाश को एक हरे ड्रम में भरकर वालिव पुलिस स्टेशन अंतर्गत एक सुनसान नाले में फेंक दिया। आरोपियों के खुलासे के आधार पर पुलिस ने शव बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नर्स का पति और उसके साथी को ढूंढने की कोशिशें चल रही है, जिनके उत्तरी राज्य में छिपे होने की आशंका है।

अन्य समाचार