-कपड़े फाड़े, बाल काटे, चप्पलों की माला पहनाकर घुमाया
उल्हासनगर में शर्मनाक घटना का वीडियो वायरल
सुनील ओसवाल / मुंबई
उल्हासनगर में एक शर्मनाक घटना में कुछ लोगों ने एक महिला को सरेआम पीटा, उसके कपड़े फाड़ दिए, बाल काट डाले और चप्पलों की माला पहनाकर पूरे इलाके में घुमाया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता और आरोपी एक ही समुदाय से हैं। आरोपियों का कहना है कि महिला ने उनके देवी-देवताओं का अपमान किया था। इसके बाद यह मामला सीधे ‘भीड़ की सजा’ तक पहुंच गया।
चार आरोपी फरार!
उलहासनगर में एक महिला को घेरकर पहले बेरहमी से पीटा गया, फिर उसके कपड़े फाड़े गए और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। इतना ही नहीं, उसके बाल काटकर गले में चप्पलों की माला पहनाई गई और इलाके में घुमाया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। उल्हासनगर सेंट्रल पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक शंकर आवताडे ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच टीम वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान खंगाल रही है। इस सनसनीखेज मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इनमें मारपीट, आपराधिक धमकी, अवैध जमावड़ा और सार्वजनिक अपमान जैसी धाराएं शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोगों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है।
