झुंझुनू। राजस्थान में झुंझुनू जिले के नवलगढ़ थाने की गाड़ी सीकर में नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे बदमाशों का पीछा करते समय पेड़ से टकरा गई। हादसे में कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। वहीं थानाधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे की है। दादिया थाना इलाके में पुलिस ने सुबह 3 से 6 बजे तक नाकाबंदी की थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक थार नाकाबंदी तोड़कर आगे नवलगढ़ की तरफ निकल गई थी।
झुंझुनू पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि सीकर जिले के दादिया थाना पुलिस से सूचना मिली थी कि दो बदमाश नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे हैं। नवलगढ़ (झुंझुनू) पुलिस ने थार का पीछा करना शुरू किया। अचानक बदमाशों ने यूटर्न लेकर थार को कच्चे रास्ते की तरफ मोड़ लिया। पुलिस की गाड़ी यूटर्न लेने के दौरान पेड़ से टकरा गई। जिसमें थानाधिकारी अजय सिंह और ड्राइवर कॉन्स्टेबल भींवाराम मेघवाल (42) गंभीर रूप से घायल हो गए। पेड़ से टकराने के बाद पुलिस की गाड़ी के दोनो एयरबैग भी खुले। मगर टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की गाड़ी आगे से डैमेज हो गई। दोनों घायलों को नवलगढ़ के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। ड्राइवर की हालत नाजुक थी तो उसे सीकर हॉस्पिटल रेफर किया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाधिकारी का इलाज नवलगढ़ हॉस्पिटल में ही चल रहा है। झुंझुनू पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर भी उनसे मिलने के लिए पहुंचे। कॉन्स्टेबल की बॉडी सीकर से नवलगढ़ लाई गई है।
घटना के बाद पुजारी की ढाणी के ग्रामीणों ने थार में सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि थार सवार दोनों युवक शराब के नशे में थे। उनकी गाड़ी से बीयर के केन भी मिले हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
