सामना संवाददाता / कल्याण
कल्याण रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को ताक पर रखने वाली एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मामा के घर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को हवस का शिकार बनाया गया। अहिल्यानगर से खोपोली जाने के लिए निकली इस पीड़िता का आरोपी ने पहले रेलवे स्टेशन पर मोबाइल छीन लिया और फिर मोबाइल वापस देने के बहाने उसे डरा-धमकाकर पुलिस स्टेशन ले जाने की बात कही। मासूम लड़की को गुमराह करते हुए आरोपी उसे रेलवे स्टेशन से सीधे कल्याण रेलवे यार्ड के सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसने नाबालिग के साथ जबरन दुराचार किया।
इस सनसनीखेज वारदात ने रेलवे परिसरों और यार्डों में सुरक्षा व्यवस्था तथा पुलिस गश्त के बड़े-बड़े दावों की पोल खोलकर रख दी है। इस खौफनाक घटना के बाद पीड़ित लड़की किसी तरह कल्याण रेलवे पुलिस स्टेशन पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कल्याण जीआरपी और रेलवे क्राइम ब्रांच की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला और स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी को धर दबोचा।
फिलहाल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही हैं। इस घटना के बाद आम रेल यात्रियों में भारी आक्रोश है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त और संवेदनशील स्थान से एक नाबालिग को अगवा कर प्रतिबंधित यार्ड क्षेत्र में ले जाया गया और सुरक्षाकर्मियों को भनक तक नहीं लगी। इस घटना ने महिलाओं और यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
