मुख्यपृष्ठनए समाचारदादा गुट में पार्थ की बढ़ती ताकत से परेशान ... तटकरे-पटेल ने...

दादा गुट में पार्थ की बढ़ती ताकत से परेशान … तटकरे-पटेल ने शरद पवार से की शिकायत

दरकिनार होने से बढ़ी बेचैनी, छोड़ सकते हैं पार्टी
सामना संवाददाता / मुंबई
दादा गुट में अंदरूनी हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सूची से दूसरी बार सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल के नाम और पद गायब होने के बाद सियासी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। मामला तब और गरमा गया जब दोनों नेताओं ने एनसीपी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल ने दादा गुट में पार्थ पवार की बढ़ती ताकत और पार्टी में हस्तक्षेप को लेकर शरद पवार से शिकायत की है।
इस पूरे घटनाक्रम पर शिंदे गुट के नेता व जलापूर्ति मंत्री गुलाबराव पाटील ने भी संकेतात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी के नेताओं ने शरद पवार से शिकायत की है। आखिर पवार तो पवार हैं। हालांकि, उन्होंने इससे ज्यादा टिप्पणी करने से परहेज किया। सूत्रों के अनुसार, पवार से उनकी मुलाकात ने नए राजनीतिक संकेत दे दिए हैं। माना जा रहा है कि पार्टी के भीतर नेतृत्व और संगठनात्मक नियंत्रण को लेकर असंतोष बढ़ रहा है। दरअसल, सुनेत्रा पवार की ओर से केंद्रीय चुनाव आयोग को सौंपी गई नई सूची में उनके नामों के सामने प्रदेशाध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष का पद दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद सवाल उठने लगे कि क्या दोनों नेता अब भी उन्हीं पदों पर बने हुए हैं। सूची वायरल होने के बाद महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री को सफाई देनी पड़ी।

अन्य समाचार