अनिल मिश्रा / बदलापुर
बदलापुर में जनगणना के काम में लगाए गए बीएलओ द्वारा दिए गए कार्य के प्रति लापरवाही देखने को मिली, जिसके कारण बदलापुर नगर परिषद प्रशासन के मुख्याधिकारी के आदेश पर जनगणना के काम में टालमटोल करने वाले 6 बीएलओ के विरोध में बदलापुर पूर्व पुलिस स्टेशन में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
जनगणना का काम निर्धारित समय में पूरा करना है। इसके लिए आदेश दिए गए थे, लेकिन बदलापुर के कुछ बीएलओ काम करने में रुचि नहीं दिखा रहे थे और अभी तक काम की शुरुआत भी नहीं की थी। ऐसे बीएलओ से कार्य की स्थिति के बारे में बार-बार संपर्क करने पर भी वे इस राष्ट्रीय कार्य में रुचि नहीं दिखा रहे थे।
इस विषय को बदलापुर नगर परिषद के मुख्याधिकारी मारुति गायकवाड ने गंभीरता से लेते हुए लापरवाह बीएलओ के विरोध में मामला दर्ज करने के आदेश दिए। आदेश के बाद बदलापुर के 6 बीएलओ के विरोध में बदलापुर पूर्व पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।
नगर परिषद प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, जिन लोगों पर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है, उनमें महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के कर्मचारी बी.जी. जाधव, एसडीएम इंग्लिश हाई स्कूल की पूजा चव्हाण, गुरुकुल इंग्लिश हाई स्कूल की अर्चना दिनेश वराडे, महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के व्ही.एस. सांबळे तथा हेवन बेल कॉन्वेंट स्कूल की दीपावली दामोदरे का समावेश है।
