मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिधोपाप में शुरू हुई रामकथा...निकली कलश शोभायात्रा

धोपाप में शुरू हुई रामकथा…निकली कलश शोभायात्रा

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

गंगा दशहरा के पूर्व आदिगंगा गोमती के तट पर स्थित धोपाप धाम में श्रीराम कथा का श्रीगणेश हो गया है। सोमवार को इस अवसर पर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। रथ पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं बजरंगबली की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। सैकड़ों की संख्या में मातृशक्तियों ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ शोभायात्रा में सहभागिता की।
कथा संयोजक धोपाप विकास बोर्ड अध्यक्ष तथा भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवीन्द्र त्रिपाठी के नेतृत्व में शोभायात्रा सागर कुटीवा से प्रारंभ होकर पवित्र तीर्थस्थल धोपाप पहुंची। वहां आदिगंगा मां गोमती के पावन तट से जल भरकर आचार्य पंडित राहुल द्वारा विधिवत कलश पूजन कराया गया। तत्पश्चात श्रद्धालु कलश लेकर धोपाप मंदिर पहुंचे, जहां पूजन-अर्चन के उपरांत भगवान श्रीराम के मंदिर में कलश स्थापित किया गया।
इस अवसर पर आयोजक रवीन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि गत कई वर्षों से धोपाप धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं आध्यात्मिक वातावरण के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 19 से 25 मई तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। 25 मई को कथा विश्राम होगा तथा रात्रि में तहरी प्रसाद का वितरण किया जाएगा। वहीं 26 मई को प्रातः 6 बजे से प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा।
उन्होंने कलश शोभायात्रा के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा एवं व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा।
कार्यक्रम की सफलता के लिए मातृशक्तियों, क्षेत्रवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए रवीन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि क्षेत्रवासियों के आशीर्वाद एवं सहयोग से ही ऐतिहासिक एवं पौराणिक तीर्थस्थल धोपाप का विकास तथा ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों का सफल संचालन संभव हो पा रहा है। उन्होंने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
कलश शोभायात्रा में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री अनूप श्रीवास्तव, जिला कोषाध्यक्ष राकेश अग्रहरी, पूर्व प्रधान लुटिया नरेंद्र मिश्रा, स्वयं सहायता समूह सखी संगीता सिंह, प्रधान प्रतिनिधि लुटिया संजय सिंह, जयसिंहपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, जिला मंत्री कृपा शंकर मिश्र, उदय प्रताप शुक्ला, ठाकुर प्रसाद, धीरज उपाध्याय, राजेश तिवारी, डॉ. सदानंद तिवारी, जयप्रकाश तिवारी, विजय नारायण तिवारी, शशिबाला त्रिपाठी, स्नेहलता सिंह, रानी अग्रहरि, आरती तिवारी, सुमित्रा तिवारी, नीलम तिवारी सहित सैकड़ों की संख्या में मातृशक्तियां एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

अन्य समाचार