मुख्यपृष्ठअपराधपहले ऑफिस बुलाया, फिर कनपटी पर गोली मार दी… 17 लाख के...

पहले ऑफिस बुलाया, फिर कनपटी पर गोली मार दी… 17 लाख के विवाद में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या

राजेश सरकार / प्रयागराज

प्रॉपर्टी डीलर अजहरुद्दीन उर्फ अजहर हत्याकांड में पुलिस ने सोमवार को उसके पार्टनर समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे 17 लाख रुपये के लेनदेन और जमीन के विवाद की रंजिश थी। वारदात से जुड़े कई सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के सोशल मीडिया वीडियो भी सामने आए हैं।
बताया जाता है कि नैनी क्षेत्र के महेवा पुरवा निवासी 35 वर्षीय अजहरुद्दीन प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। रविवार दोपहर उनके पार्टनर अरविंद भारती और बृजेश निषाद ने उन्हें फोन कर मड़ौका स्थित ऑफिस बुलाया। अजहर बाइक से वहां पहुंचे तो ऑफिस के बाहर पहले से एक वैगनआर कार खड़ी थी। अंदर अरविंद, बृजेश समेत चार लोग मौजूद थे।
ऑफिस के भीतर पैसों के हिसाब-किताब को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक आरोपी ने अजहर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए अजहर ने भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन्हें पकड़ लिया और कनपटी पर सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही अजहर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद चारों आरोपी वैगनआर कार से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी अरविंद पहले अपने घर पहुंचा, वहां कार बदली और फिर साथियों के साथ दूसरी गाड़ी से शहर छोड़ने की कोशिश की।
* थाने के बाहर बनाया सरेंडर का वीडियो
वारदात के करीब तीन-चार घंटे बाद आरोपी अतरसुइया थाने के बाहर पहुंचे। यहां आरोपी बृजेश निषाद ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। वीडियो में उसने कहा कि वह अपने साथियों प्रिंस, अरविंद और उपेंद्र के साथ थाने में सरेंडर करने आया है। हालांकि वीडियो पोस्ट करने के बाद चारों वहां से फरार हो गए थे।
* जमीन बनी खूनी विवाद की वजह
मृतक के बड़े भाई अलाउद्दीन ने बताया कि अजहर, अरविंद भारती और बृजेश निषाद पार्टनरशिप में जमीन का कारोबार करते थे। मड़ौका इलाके में एक बीघा जमीन की बिक्री हुई थी, जिसका एग्रीमेंट अजहरुद्दीन के नाम पर था। इसी जमीन के सौदे में मिले 17 लाख रुपये के बंटवारे को लेकर पिछले करीब एक साल से विवाद चल रहा था।
परिजनों का आरोप है कि रुपयों के लेनदेन को लेकर अरविंद लगातार अजहर को धमकी दे रहा था। आखिरकार उसी रंजिश में योजनाबद्ध तरीके से ऑफिस बुलाकर हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में पूछताछ जारी है और हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

अन्य समाचार