-मुंबई हवाई अड्डे पर ग्राउंड स्टाफ की हड़ताल
-एयर इंडिया के यात्री एक घंटे तक विमान में फंसे रहे
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई हवाई अड्डे पर ग्राउंड स्टाफ की वेतन वृद्धि को लेकर हड़ताल के कारण सोमवार को हवाई यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हैदराबाद से मुंबई आनेवाली एयर इंडिया की फ्लाइट में यात्री करीब एक घंटे तक फंसे रहे। इसके बाद भी उन्हें अपना सामान लेने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
एक रिपोर्ट के अनुसार, हैदराबाद से मुंबई आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद रोक दी गई। ग्राउंड स्टाफ की हड़ताल के कारण यात्रियों के उतरने की व्यवस्था नहीं की गई थी। इस वजह से यात्री लगभग एक घंटे तक विमान में फंसे रहे। एयर इंडिया एयरपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के ग्राउंड और तकनीकी कर्मचारी, जो एयर इंडिया सहित कई घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय एयरलाइनों को सेवाएं प्रदान करते हैं, बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक हड़ताल पर चले गए। एयर इंडिया ने इस घटना की पुष्टि की है। एयरलाइन ने बताया कि मुंबई हवाई अड्डे पर ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण एयर इंडिया एक्सप्रेस और एयर इंडिया की उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। एयरलाइन ने कहा कि वह यात्रियों को असुविधा से बचाने और परिचालन बहाल करने का प्रयास कर रही है।
