-पालघर में बारातियों से भरे ट्रक को कंटेनर ने रौंदा
-१२ की दर्दनाक मौत, २५ से अधिक घायल
जेदवी / पालघर
मुंबई-अमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग एक बार फिर खून से लाल हो गया। सोमवार तड़के पालघर जिले के धानिवरी गांव के खडकीपाड़ा क्षेत्र के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सगाई समारोह में जा रहे बारातियों से भरे आयशर ट्रक को तेज रफ्तार कंटेनर ने ऐसी टक्कर मारी कि पलभर में खुशियां मातम में बदल गर्इं। इस भयावह हादसे में अब तक १२ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि २५ से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और प्रशासनिक लापरवाही ने ली मासूमों की जान!
हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार, भगदड़ और दर्दनाक मंजर देखने को मिला। पलटे ट्रक के नीचे दबे लोग जिंदगी की भीख मांगते रहे। घायल सड़क पर तड़पते रहे, जबकि चारों तरफ मातम और अफरातफरी का माहौल था। बताया जा रहा है कि यह हादसा कल सुबह करीब ४ बजे हुआ। डहाणू तालुका के बापूगाव से करीब १०० बारातियों को लेकर आयशर ट्रक धानिवरी के खडकीपाड़ा स्थित सगाई समारोह में जा रहा था। लड़की के घर से कुछ ही दूरी पहले मुंबई की दिशा से आ रहे बेलगाम कंटेनर ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक सड़क पर पलट गया और उसमें सवार कई लोग उसके नीचे दब गए। घायलों को तत्काल कासा उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
ट्रक में क्षमता से अधिक लोग थे सवार
– प्राथमिक जांच में पुलिस के सामने चौंकानेवाली लापरवाही उजागर हुई है। बताया जा रहा है कि आयशर ट्रक में क्षमता से कहीं अधिक लोग सवार थे। ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार को इस भीषण हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
– सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर हाईवे पर खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहनों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती?
-मुंबई-अमदाबाद हाईवे पर लगातार बढ़ते हादसे अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
