राजेश सरकार / प्रयागराज
जिले के यमुनापार मेजा क्षेत्र में मंगलवार सुबह मेजारोड रेलवे स्टेशन के समीप झाड़ियों में 14 वर्षीय किशोर का शव पाए जाने से हड़कंप मचा रहा। झाड़ियों में मिले करीब 14 वर्षीय किशोर के शव का चेहरा रूमाल से कसकर बांधा गया था। शरीर पर कई जगह चोट और जख्म के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंका गया। शव की पहचान समीर के रूप में हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, पांती गांव निवासी मजदूर राजाराम का इकलौता बेटा समीर सोमवार दोपहर घर से निकला था। देर शाम तक नहीं लौटा तो परिजन परेशान हो उठे। रातभर परिवार और ग्रामीण उसे तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह रेलवे स्टेशन के पास चरवाहों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मेजा पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में समीर के परिजन भी वहां पहुंच गए। बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हत्या की आशंका
घटनास्थल की परिस्थितियां हत्या की ओर इशारा कर रही हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर फोरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए गए।
घर का बड़ा बेटा था समीर
समीर की दो छोटी बहनें हैं। पिता राजाराम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
शक के आधार पर एक हिरासत में
मेजा पुलिस के मुताबिक, शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस वारदात के शीघ्र खुलासे का दावा कर रही है।
