सामना संवाददाता / मुंबई
डोंबिवली में १६ साल की दो लड़कियों के साथ रेप के अलग-अलग दो मामलों में २३ और २४ साल के युवकों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों घटनाएं तब सामने आर्इं, जब पता चला कि लड़कियां प्रेग्नेंट हैं। मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज पहले केस में एक २३ वर्षीय युवक ने १६ वर्षीया लड़की के साथ रेप किया और बाद में गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश भाग गया। यह केस तब सामने आया, जब पीड़िता के परिवार को पता चला कि बेटी प्रेग्नेंट है और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पीड़िता के ही गांव का है। अपने गांव भागने से पहले वह पीड़िता के परिवार के साथ रहता था। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और इंटेलिजेंस इनपुट का इस्तेमाल करके आरोपी को उत्तर प्रदेश में ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया और डोंबिवली वापस ले आई। बाद में उसे पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। दूसरी घटना में रामनगर पुलिस स्टेशन अंतर्गत एक २४ वर्षीय वीडियोग्राफर और वीडियो एडिटर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ १६ साल की लड़की के परिवार ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब पीड़िता प्रेग्नेंट हो गई। रामनगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी के मुताबिक, आरोपी और पीड़िता एक ही क्लास में पढ़ते थे और पिछले दो साल से एक-दूसरे को जानते थे। इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर आरोपी ने नाबालिग बच्ची को जाल में फंसाया और बार-बार उसका यौन उत्पीड़न किया।
