मुख्यपृष्ठस्तंभस्कैम्स एंड स्कैंडल्स : जिंदगी का गुप्त अध्याय!

स्कैम्स एंड स्कैंडल्स : जिंदगी का गुप्त अध्याय!

श्रीकिशोर शाही

(सत्ता में सुंदरी की घुसपैठ-१६)

ब्रिटिश संसद के सबसे सुरक्षित गलियारों में पामेला बोर्डेस की बेरोकटोक एंट्री ने उसके रसूख को चरम पर पहुंचा दिया था। उसके गले में लटकता हाउस ऑफ कॉमन्स का वह वीआईपी सिक्योरिटी पास सिर्फ एक पहचान पत्र नहीं था, बल्कि उसके द्वारा बुने गए एक बेहद शातिर और खतरनाक जाल की सबसे बड़ी जीत थी। दुनिया की नजरों में वह एक तेज-तर्रार रिसर्चर और लंदन के हाई-सोसाइटी की एक सम्मानीय सदस्य बन चुकी थी, लेकिन इस चमकदार तस्वीर के ठीक पीछे एक स्याह और खौफनाक सच्चाई भी सांस ले रही थी।
दिन के उजाले में पामेला का जीवन बेहद मर्यादित और व्यस्त दिखता था। वह संसद के गलियारों में कंजर्वेटिव पार्टी के बड़े सांसदों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलती थी। वह राजनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बनती और सत्ता की बारीकियों को समझती थी। उसकी हाजिरजवाबी और विदेशी आकर्षण ने संसद के भीतर मौजूद हर शख्स की आंखों पर ऐसा पर्दा डाल दिया था कि किसी ने भी इस बात की तहकीकात करने की जहमत नहीं उठाई कि इस ग्लैमरस रिसर्चर का असली अतीत आखिर क्या है?
लेकिन जैसे ही टेम्स नदी के पार सूरज ढलता और लंदन की रातें जवां होतीं, पामेला की जिंदगी का एक दूसरा और बेहद गुप्त अध्याय शुरू हो जाता था। ब्रिटिश टैब्लॉयड तो बाल की खाल निकालने में जुट ही गए थे। दिन की एक संस्कारी और गंभीर रिसर्चर, रात के अंधेरे में ब्रिटेन की सबसे महंगी और हाई-प्रोफाइल एस्कॉर्ट में तब्दील हो जाती थी। यह उसकी वह ‘सीक्रेट लाइफ’ थी, जिसके बारे में संसद के उनके आकाओं को कोई भनक नहीं थी। पामेला के ग्राहक कोई आम इंसान नहीं थे; उसकी सूची में दुनिया भर के रईस कारोबारी, विदेशी राजनयिक और वे अरबपति शामिल थे, जो उसके साथ समय बिताने के लिए उस दौर में ५०० पाउंड जैसी भारी-भरकम रकम चुकाने की हैसियत रखते थे।
यह महज पैसों की भूख नहीं थी, बल्कि सत्ता, दौलत और ग्लैमर का एक बेहद खतरनाक कॉकटेल था। एक ही समय में ब्रिटिश सरकार के सबसे संवेदनशील हिस्सों तक पहुंच और रात में अज्ञात विदेशी रईसों के साथ अंतरंग संबंध। पामेला एक ऐसा बारूद का ढेर जमा कर रही थी, जिस पर वह खुद बैठी थी। उसे पूरा विश्वास था कि वह अपनी इन दोनों जिंदगियों को बड़ी ही चालाकी से अलग रख सकती है। लेकिन वह यह भूल गई थी कि लंदन के इस क्रूर ‘पावर गेम’ में राज कभी हमेशा के लिए दबे नहीं रहते।

अन्य समाचार