सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
जेठ माह के तीसरे मंगलवार को कुशनगरी सुल्तानपुर में चहुंओर बजरंगबली के जयकारे गूंजते रहे। हरेक गली-चौराहों-नुक्कड़ों व सार्वजनिक स्थलों पर जगह -जगह श्रद्धालुओं ने आमजनों व राहगीरों के लिए शर्बत वितरण, प्रसाद वितरण व भंडारे के आयोजन किये। सर्वत्र हनुमान चालीसा, बजरंग बाण व सुंदरकांड के पाठ होते रहे।
मंगलमूरति मारुतिनंदन। सकल अमंगल मूल निकंदन।। इसी भाव में लीन बजरंगबली के भक्त मंगलवार की सुबह से ही सर्वत्र हनुमान जी की आराधना में लीन दिखाई दिए। दीवानी न्यायालय परिसर में हड़ताल रही। पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष व क्षत्रिया समिति के अध्यक्ष संजय सिंह ने परिसर में बार एसोसिएशन के सामने बजरंगबली के भक्तों के लिये भंडारे का आयोजन किया, जो कि देर शाम तक चलता रहा। इस कार्यक्रम में पूर्व बार अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद सिंह, बालचंद्र सिंह ,महेंद्र शर्मा,सुरेंद्र सिंह सौराईं, राजेंद्र सिंह, करुणा शंकर द्विवेदी व जय सिंह रघुवंशी आदि ने सक्रिय सहभाग किया। इसके साथ कई जगह परिसर में शर्बत वितरण के भी आयोजन किये गए। कलेक्ट्रेट में भी यही हाल रहा। बजरंगबली की उपासना में भाजपाई और सपाई भी आगे रहे। बीजेपी के पूर्व नगर अध्यक्ष विनोद पांडेय ने तहसील सदर के बगल भंडारे का आयोजन किया। जिसमें पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सीताशरण त्रिपाठी , रामचंद्र मिश्र, अखिलेश जायसवाल, दिनेश चौरसिया,पूर्व सभासद विजय सेक्रेटरी, इंद्रदेव मिश्र समेत बड़ी संख्या में पार्टीजन मौजूद रहे। सपा के पूर्व शहर विधायक अनूप संडा ने सब्जी मंडी में अपने आवास के समक्ष राहगीरों के लिये भंडारे का आयोजन किया। जिसमें सर्वसमाज की भागीदारी रही। रामलीला मैदान में भाजपा के युवा चेहरे अंश द्विवेदी की ओर से गत वर्ष की भांति भंडारा आयोजित किया गया। जो कि देर रात तक चलता रहा। बस स्टेशन, गोलाघाट, सीताकुंड,दरियापुर आंख अस्पताल चौराहा, शाहगंज आदि क्षेत्रों में भी भंडारे व प्रसाद वितरण की धूम रही। रुद्रनगर स्थित संकटमोचन मंदिर, पुरानी हनुमानगढ़ी, चौक हनुमानगढ़ी, कोतवाली हनुमानगढ़ी, संकटमोचन पर्यावरण पार्क व सीताकुंड के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की व्यापक भीड़ उमड़ी।
