मुख्यपृष्ठनए समाचारमनोज हेला हत्याकांड में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से हस्तक्षेप की लगाई गुहार

मनोज हेला हत्याकांड में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से हस्तक्षेप की लगाई गुहार

राजेश सरकार / प्रयागराज

-कौशाम्बी गोलीकांड मामले में पुलिस पर उठे सवाल, प्रियंक कानूनगो को सौंपा मांग पत्र; आंदोलन की चेतावनी

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो से मुलाकात कर अखिल भारतीय अनुसूचित हेला जातीय महापरिसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष राज हेला ने कौशाम्बी के चर्चित मनोज हेला हत्याकांड में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर समाज में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।
संतोष राज हेला ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य को मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि ग्राम आलमचंद, थाना कोखराज निवासी मनोज कुमार हेला की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। गंभीर हालत में उन्हें प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों और समाज के लोगों का आरोप है कि घटना के बाद से पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी रही है। कई दिन बीत जाने के बावजूद हत्यारों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी, जिससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
महापरिसंघ की 4 बड़ी मांगें
सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कठोर धाराओं में कार्रवाई, मृतक परिवार को पुलिस सुरक्षा एवं आर्थिक सहायता तथा एक आश्रित को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग शामिल है।
संतोष राज हेला ने कहा कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो समाज लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने पुलिस की निष्क्रियता को अपराधियों के बढ़ते हौसलों की वजह बताया।
गौरतलब है कि मनोज हेला हत्याकांड अब कानून-व्यवस्था और सामाजिक न्याय का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। पूरे मामले में अब लोगों की नजर पुलिस और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

अन्य समाचार