मुख्यपृष्ठनए समाचार‘ऑपरेशन गोल्डन ड्रॉप’ में तस्करी गिरोह का पर्दाफाश!..मुंबई एयरपोर्ट पर ४.८ करोड़...

‘ऑपरेशन गोल्डन ड्रॉप’ में तस्करी गिरोह का पर्दाफाश!..मुंबई एयरपोर्ट पर ४.८ करोड़ रुपए का सोना जब्त…एक गिरफ्तार

सामना संवाददाता / मुंबई

छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ४.८ करोड़ रुपए का ३ किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया। डीआरआई ने इस विशेष अभियान को ‘ऑपरेशन गोल्डन ड्रॉप’ नाम दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
डीआरआई अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई विशेष खुफिया सूचना के आधार पर की गई। जांच के दौरान एक संगठित अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गिरोह का खुलासा हुआ, जो एयरपोर्ट के ट्रांजिट सिस्टम का दुरुपयोग कर अवैध रूप से भारत में सोना पहुंचा रहा था। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि तस्कर पहले सोने की धूल को मोम के रूप में बदलते थे और फिर उसे अंडाकार विशेष वैâप्सूल में छिपाते थे। इन वैâप्सूल को ट्रांजिट यात्रियों द्वारा निगलकर मुंबई लाया जाता था, ताकि कस्टम जांच और सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचा जा सके। डीआरआई के मुताबिक, एयरपोर्ट परिसर में स्थित एक फूड आउटलेट में कार्यरत सफाई कर्मचारी इस पूरे नेटवर्क का अहम हिस्सा था। आरोप है कि वही कर्मचारी यात्रियों से सोना प्राप्त कर उसे गुप्त रूप से एयरपोर्ट के बाहर पहुंचाने का काम करता था। कार्रवाई के दौरान डीआरआई ने इसी कर्मचारी को गिरफ्तार किया।
अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह ट्रांजिट यात्रियों और एयरपोर्ट सहायता सेवाओं का सुनियोजित तरीके से इस्तेमाल कर कस्टम शुल्क और सुरक्षा जांच से बचने की कोशिश कर रहा था। डीआरआई ने इस कार्रवाई को सोना तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। साथ ही इस मामले ने एयरपोर्ट के भीतर अंदरूनी मदद से संचालित संगठित तस्करी नेटवर्क की आशंकाओं को भी उजागर कर दिया है। फिलहाल, डीआरआई पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

अन्य समाचार