मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
राजधानी लखनऊ में सीएचसी से 50 मीटर की दूरी पर संचालित तेजस हॉस्पिटल में भर्ती युवती के साथ इलाज करने वाले डॉक्टर पर नशीला इंजेक्शन लगाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। बृहस्पतिवार को जब परिजनों को इस बात का पता चला तो उन्होंने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है। युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
बख्शी का तालाब क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 19 वर्षीय युवती एक निजी कॉलेज के हॉस्टल में रहकर तीन माह का डिप्लोमा कोर्स कर रही है। युवती को बीते रविवार को चक्कर आने की शिकायत हुई थी। हॉस्टल वार्डन की सूचना पर परिजनों ने दुबग्गा के पास एक निजी अस्पताल में उसका इलाज कराया। मंगलवार को फिर उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिचित की मदद से उसे बख्शी का तालाब तहसील रोड स्थित तेजस हॉस्पिटल में शाम के समय भर्ती कराया गया।
युवती के साथ उसके माता-पिता और बड़ी बहन भी मौजूद थे। पीड़िता ने बताया कि बुधवार दोपहर उसकी नाक में ऑक्सीजन पाइप डालने के लिए डॉक्टर उसे ओटी में ले गए। इससे पहले कलाई में लगी वीगो से उसे इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद उसे कुछ याद नहीं रहा। होश में आने पर उसने अपने कपड़े अस्त-व्यस्त पाए।
युवती का आरोप है कि बृहस्पतिवार को फिर से पाइप डालने के लिए डॉक्टर उसे ओटी में ले जाने की बात कह रहे थे। उससे पहले नर्स ने उसे इंजेक्शन दिया। आरोप है कि ओटी में डॉक्टर ने नर्स और उसकी बहन को बाहर निकालकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। अर्धबेहोशी की हालत में डॉक्टर विजय कुमार गिरि ने उसके साथ दुष्कर्म किया। ओटी से बाहर आने के बाद पीड़िता ने पूरी बात अपनी बहन को बताई।
युवती की बात सुनने के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही बख्शी का तालाब पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छानबीन करते हुए युवती से बातचीत की, जिसके बाद उसने बुधवार और बृहस्पतिवार को हुई पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने अस्पताल से ही डॉक्टर विजय कुमार को हिरासत में ले लिया। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल टीम ने मौके से कुछ नमूने एकत्र किए हैं।
एसीपी बख्शी का तालाब विकास पांडेय ने बताया कि युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।एसीपी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर विजय कुमार गिरि तेजस अस्पताल को किराये पर लेकर संचालित कर रहा था। वह पहले से शादीशुदा है और उसने झांसी के एक निजी कॉलेज से बीएएमएस की पढ़ाई की है। फिलहाल अस्पताल की ओटी को सील कर दिया गया है। आरोपी डॉक्टर सीतापुर के तंबौर राजनपुर गांव का रहने वाला बताया गया है।
