मुख्यपृष्ठखेलहार, हताशा और हंगामा!

हार, हताशा और हंगामा!

अरे बाबा, इतना गुस्सा कि सीधे विकेट की बेल्स ही गिरा दी। माना कि उनकी टीम हार गई लेकिन ऐसा रवैय्या ठीक तो नहीं है। अब आप भी सोच में पड़ गए होंगे कि आखिर हम किसके गुस्से की बात कर रहे हैं। तो चलो, हम बता ही देते हैं। दरअसल, हम बात कर रहे हैं क्रिकेट की दुनिया के `एंग्री यंग मैन’ हार्दिक पंड्या की, जिनका गुस्सा मैदान पर अक्सर देखने को मिल ही जाता है। बुधवार को केकेआर के खिलाफ हार ने मुंबई इंडियंस के कप्तान का पारा ऐसा चढ़ाया कि उन्होंने अपना गुस्सा सीधे विकेट की बेल्स पर ही उतार दिया। हालांकि, इस हरकत को आईपीएल ने आचार संहिता का उल्लंघन माना और उन पर मैच फीस का १० प्रतिशत जुर्माना लगा दिया। साथ ही एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया गया। लेकिन यहां गौर करने वाली बात तो यह है कि आखिर हार्दिक को बार-बार इतना गुस्सा काहे आ जाता है भई? विशेषज्ञों की मानें तो आईपीएल के इस सीजन में मुंबई इडियंस का परफॉर्मेंस कुछ खास नहीं रहा। लगातार खराब प्रदर्शन, टीम की हार और बढ़ते दबाव के बीच हार्दिक दबाव में आ गए हैं। यही वजह है कि मैदान पर उनका गुस्सा देखने को मिलता है। हार, हताशा के बीच हार्दिक का यूं हंगामा अब चिंता का विषय बना हुआ है। बता दें कि लगातार खराब गेंदबाजी, टीम की हार और बढ़ते दबाव के बीच हार्दिक ने रन-अप पर लौटते समय विकेट की बेल्स जोर से गिरा दीं। हालांकि, उनपर आईपीएल ने जुर्माना ठोक दिया। लेकिन यहां सवाल सिर्फ जुर्माने का नहीं है। सवाल यह है कि आखिर हार्दिक बार-बार मैदान पर अपना आपा क्यों खो देते हैं? क्रिकेट एक्सपर्ट्स मानते हैं कि कप्तानी का दबाव, लगातार आलोचना, टीम की खराब फॉर्म और हर मैच में खुद को साबित करने की बेचैनी हार्दिक के व्यवहार में दिखने लगी है। हार, हताशा और हंगामा में हार्दिक का यूं इस तरह से बार-बार आपा खोना ठीक नहीं! हम तो यही कहेंगे कि हार्दिक, प्लीज कंट्रोल भई..!

अन्य समाचार