मुख्यपृष्ठनए समाचारठाणे में अग्नितांडव!

ठाणे में अग्नितांडव!

सुनील ओसवाल / मुंबई

सब्जी मार्केट में लगी भीषण आग
रेस्क्यू के दौरान फायर अधिकारी समेत दो की मौत

ठाणे के नौपाड़ा स्थित गावदेवी सब्जी मार्केट में बुधवार तड़के लगी भीषण आग ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। सुबह करीब ३:३० बजे अचानक मार्केट से उठीं आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही मिनटों में पूरा बाजार धुएं और आग की चपेट में आ गया। आग इतनी भयावह थी कि राहत और बचाव अभियान में जुटे दमकल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी इसकी चपेट में आ गए।
इस दर्दनाक हादसे में ठाणे महानगरपालिका के सुरक्षा रक्षक कालू शंकर गाडेकर और दमकल विभाग के स्टेशन ऑफिसर सागर शिंदे की मौत हो गई। दोनों आग में फंसे लोगों को बचाने और हालात नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे थे। बताया जा रहा है कि अंदर घना धुआं और तेज गर्मी होने के कारण बचाव कार्य बेहद मुश्किल हो गया था। इसी दौरान दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में दमकलकर्मी सुजीत पष्टे और समीर जाधव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां, जंबो वॉटर टैंकर, रेस्क्यू वाहन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। कई घंटों तक चले ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

अन्य समाचार