-परिजनों ने अस्पताल पर लगाए गंभीर आरोप
सामना संवाददाता / मुंबई
मनपा द्वारा संचालित कूपर अस्पताल में समय-समय पर तकनीकी खराबी या रखरखाव के अभाव में मशीनें बंद होने जैसी चुनौतियां सामने आती रहती हैं। एक बार फिर कूपर अस्पताल में उस समय अफरा तफरी मच गई जब सी-आर्म मशीनों में खराबी के कारण कई ऑर्थोपेडिक सर्जरी स्थगित कर दी गईं, जिसके बाद मनपा स्वास्थ्य समिति के उपाध्यक्ष रितेश कमलेश राय ने अस्पताल का दौरा किया।
राय ने अस्पताल का दौरा तब किया जब उनके परिचित एक मरीज को कथित तौर पर दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित करने की सलाह दी गई थी, क्योंकि सी-आर्म मशीनें काम नहीं कर रही थीं। रुकी हुई सर्जरी वाले कुछ मरीजों के परिजनों के अनुसार, पिछले १० – १२ दिनों से सर्जरी में बार-बार देरी हो रही है, क्योंकि ऑर्थोपेडिक और स्पाइन संबंधी प्रक्रियाओं के दौरान उपयोग किए जाने वाले इमेजिंग उपकरण खराब पड़े हैं।
मरीजों ने लगाया आरोप
परिजनों ने दावा किया कि अस्पताल में मौजूद चारों सी-आर्म मशीनें काम करना बंद कर चुकी थीं, जिससे सर्जरी और आपातकालीन उपचार बुरी तरह प्रभावित हुआ। रीढ़ की हड्डी की सर्जरी का इंतजार कर रहे ५५ वर्षीय मरीज के एक रिश्तेदार ने कहा, ‘मेरे पिता की सर्जरी शनिवार को होनी थी, लेकिन मशीन खराब होने के बाद ऑपरेशन स्थगित कर दिया गया। हमें बिना किसी स्पष्ट समय-सीमा के इंतजार करने के लिए कहा जा रहा है।’
एक अन्य रिश्तेदार ने बताया कि उनके भाई, जिनका बाइक दुर्घटना में पैर टूट गया था और जिन्हें १० मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, डॉक्टरों के पहले आश्वासन के बावजूद अभी भी सर्जरी का इंतजार कर रहे हैं।
एक मशीन चालू, मरम्मत कार्य जारी
राय ने कहा, ‘जब मैंने अस्पताल का दौरा किया, तो चारों मशीनें काम नहीं कर रही थीं। हमें बताया गया कि मरम्मत के बिलों का भुगतान नहीं हुआ है। हालांकि, अब एक मशीन चालू हो गई है और लंबित भुगतानों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हमें उम्मीद है कि एक सप्ताह के भीतर सभी मशीनें चालू हो जाएंगी।’
