मुख्यपृष्ठनए समाचारसीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड केस में अहम गिरफ्तारी; मास्टरमाइंड अयोध्या...

सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड केस में अहम गिरफ्तारी; मास्टरमाइंड अयोध्या से अरेस्ट … बलिया जेल से निकली साजिश, बंगाल में बहा खून!

रु. १ करोड़ की सुपारी लेकर यूपी से बंगाल पहुंचे थे शूटर
पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में जांच आगे बढ़ने के साथ चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। अब तक की जांच में पता चला है कि इस सनसनीखेज हत्या की पूरी पटकथा उत्तर प्रदेश की बलिया जेल में लिखी गई थी। हत्या के लिए करीब एक करोड़ रुपए की सुपारी तय होने की भी चर्चा है।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपी राजकुमार सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रत्तोपुर गांव का निवासी है। वर्ष २०२२ में उसके खिलाफ मारपीट और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद उसे बलिया जेल भेजा गया था। जेल में सजा काटने के दौरान उसकी मुलाकात इस हत्याकांड के कथित मास्टरमाइंड राज सिंह उर्फ चंदन से हुई। वहीं से दोनों के बीच आपराधिक गठजोड़ तैयार हुआ और बाद में यह दोस्ती खूनी साजिश में बदल गई। पुलिस जांच के मुताबिक, जेल से बाहर आने के बाद राजकुमार सिंह को इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में शामिल किया गया। आरोप है कि यूपी से शूटरों को बंगाल भेजकर पूरी वारदात को अंजाम देने की तैयारी की गई थी।
इस बीच, पिछले हफ्ते कोलकाता पुलिस और यूपी पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में मुख्य आरोपी राज सिंह उर्फ चंदन को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया। राज सिंह बलिया के आनंद नगर का रहने वाला है और वह क्षत्रिय महासभा का महासचिव भी रह चुका है।
खुल सकते हैं कई काले राज
राज सिंह का आपराधिक इतिहास भी लंबा बताया जा रहा है। वर्ष २०२० में एक अंडा व्यवसायी की हत्या के मामले में उस पर आरोप लगे थे और वह फिलहाल जमानत पर बाहर था। अब चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस हत्याकांड के पीछे बड़ा आपराधिक नेटवर्क सक्रिय हो सकता है और आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे संभव हैं।

अन्य समाचार