सामना संवाददाता / मुंबई
कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर की गई टिप्पणी के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। इस विवाद में अब पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर ने सीएम देवेंद्र फडणवीस पर तीखा हमला बोला है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था कि जनता द्वारा नकारे गए रिजेक्टेड माल को राष्ट्रनिष्ठ नेतृत्व पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। फडणवीस की इसी टिप्पणी के बाद कांग्रेस नेताओं की ओर से लगातार पलटवार किया जा रहा है। इस मुद्दे पर यशोमति ठाकुर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को निशाने पर लेते हुए कहा कि राहुल गांधी पर टिप्पणी करने से पहले उन्हें खुद का आकलन करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि फडणवीस केवल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कृपा से मुख्यमंत्री बने हैं, अन्यथा भाजपा में उन्हें कोई महत्व नहीं देता है। ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि आप जैसे बोझ को आज महाराष्ट्र की जनता ढो रही है। कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। ठाकुर के अनुसार, राज्य में गुंडों और असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ गया है और गृह विभाग पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। उन्होंने राज्य में कथित ईंधन संकट को लेकर भी सरकार को घेरा।
ठाकुर ने कहा कि डीजल की कमी के कारण आम लोग आपस में झगड़ रहे हैं और यहां तक कि पुलिस वाहनों को भी डीजल नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री और सरकार की नाकामी करार दिया।
