राजेश सरकार
प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने न्यायिक इतिहास को आमजन की भाषा में पहुंचाने की दिशा में एक और अहम पहल करते हुए ऐतिहासिक निर्णयों की ई-पुस्तिका श्रृंखला के चौथे और पांचवें संस्करण जारी कर दिए हैं। नई श्रृंखला में स्वतंत्रता पूर्व कानपुर बम विस्फोट प्रकरण और देश की राजनीति को प्रभावित करने वाले चर्चित राज नारायण बनाम इंदिरा नेहरू गांधी मामले के महत्वपूर्ण फैसलों का हिंदी अनुवाद शामिल किया गया है।
एआई आधारित अनुवाद परियोजना के जरिए अब तक हाईकोर्ट के 82 हजार से अधिक और सुप्रीम कोर्ट के 300 से ज्यादा फैसले हिंदी में उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इससे न केवल न्यायिक प्रक्रिया को सरल बनाने में मदद मिलेगी, बल्कि अधिवक्ताओं, शोधकर्ताओं, न्यायिक अधिकारियों और विधि छात्रों को भी महत्वपूर्ण कानूनी सामग्री अपनी भाषा में आसानी से मिल सकेगी।
ई-पुस्तिका श्रृंखला का लोकार्पण एआई असिस्टेड लीगल एडवाइजरी, ई-एएचसीआर एवं आईएलआर समिति के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में न्यायमूर्ति अजीत कुमार, न्यायमूर्ति समीर जैन, न्यायमूर्ति विक्रम डी. चौहान और न्यायमूर्ति विवेक कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह पूरी परियोजना मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली के संरक्षण में संचालित की जा रही है।
न्यायपालिका की इस पहल को भारतीय न्याय व्यवस्था में तकनीक और मातृभाषा के समावेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
