मनोरंजन जगत की ड्रामा क्वीन राखी सावंत एक बार फिर अपने पुराने संघर्षों को लेकर चर्चा में आ गई हैं। इस बार राखी ने खुलकर बताया कि करियर के शुरुआती दिनों में उन्हें काम पाने के लिए कितने मुश्किल हालातों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि कई निर्माता उनसे गलत तरह की मांग करते थे, लेकिन उन्होंने कभी समझौता करना मंजूर नहीं किया। राखी ने बताया कि कई बार उन्हें साफ कह दिया जाता था कि अगर काम चाहिए तो ‘खास एहसान’ करने पड़ेंगे। हालांकि अभिनेत्री ने हर बार इनकार किया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह भूखी सो गईं, लेकिन किसी के सामने झुकी नहीं। राखी की मां भी उनकी बोल्ड छवि से खुश नहीं रहती थीं। घर में कई बार इस बात को लेकर बहस होती थी। उनकी मां चाहती थीं कि बेटी साधारण जिंदगी जिए, लेकिन राखी को हमेशा बड़ा नाम कमाना था। अभिनेत्री ने यह भी माना कि लोगों ने उन्हें अक्सर गलत समझा। कई लोग सिर्फ उनकी बोल्ड छवि देखते हैं, लेकिन उसके पीछे की मेहनत और दर्द को नहीं समझते। राखी बोलीं कि इंडस्ट्री में टिके रहने के लिए उन्होंने बहुत कुछ सहा है।
