मुख्यपृष्ठनए समाचारएजुकेशन मिनिस्टर को हटाओ ...‘कॉकरोच जनता पार्टी' का नया अभियान

एजुकेशन मिनिस्टर को हटाओ …‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का नया अभियान

-दीपके ने गिरफ्तारी की आशंका जताई
सामना संवाददाता / मुंबई
सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रहे डिजिटल और व्यंग्यात्मक अभियान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर एक ऑनलाइन याचिका (पिटीशन) शुरू की है। देश की शिक्षा व्यवस्था में कथित खामियों और परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर शुरू किया गया यह अभियान इंटरनेट पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है।
सिस्टम को जवाबदेह बनाने की अपील
बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस की पढ़ाई करनेवाले अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर अपने समर्थकों से इस याचिका पर हस्ताक्षर करने की अपील की। वीडियो में उन्होंने कहा, ‘यह समय कुछ वास्तविक काम करने का है। शिक्षा व्यवस्था की सिस्टेमिक गलतियों के कारण देश के लगभग २२ लाख छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और ‘नीट’ विवाद के चलते छात्रों को आत्महत्या जैसे कदम उठाने पड़े। अब समय आ गया है कि इस व्यवस्था को जवाबदेह बनाया जाए। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का नाम तब चर्चा में आया, जब कथित तौर पर सुप्रीम कोर्ट की मौखिक टिप्पणी के बाद युवाओं ने इसे एक आंदोलन का रूप दे दिया। इंस्टाग्राम पर के १.९ करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हो चुके हैं, जो देश की कई मुख्यधारा की राजनीतिक पार्टियों से भी ज्यादा हैं। इस अभियान को अखिलेश यादव और महुआ मोइत्रा जैसे विपक्षी नेताओं का भी समर्थन मिला है।

डिजिटल सेंसरशिप की कैंची
इस बीच यह अभियान डिजिटल सेंसरशिप के केंद्र में भी आ गया है। ‘इंटेलिजेंस ब्यूरो’ द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता को लेकर जताई गई चिंताओं के बाद, आईटी अधिनियम की धारा ६९(ए) के तहत सीजेपी का मुख्य एक्स (ट्विटर) अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया था। इसके बाद अभियान ने ‘कॉकरोच इज बैक’ नाम से नया अकाउंट शुरू किया है। दीपके ने भारत लौटने पर अपनी गिरफ्तारी की आशंका भी जताई है।

अन्य समाचार