मुख्यपृष्ठसमाचारमैहर दर्शन की खुशियां मातम में बदलीं: बेकाबू एक्सयूवी ने उजाड़ा परिवार,...

मैहर दर्शन की खुशियां मातम में बदलीं: बेकाबू एक्सयूवी ने उजाड़ा परिवार, पिता और दो बेटों की मौत

राजेश सरकार

प्रयागराज। प्रयागराज के नैनी इलाके में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। नए यमुना पुल से पहले लेप्रोसी चौराहे के पास रीवा मार्ग पर तेज रफ्तार एक्सयूवी कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा घुसी और सामने से आ रही कार से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि पिता और उनके दो बेटों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन छात्रों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

फाफामऊ स्थित शांतिपुरम कॉलोनी निवासी दीपक चौरसिया (45) अपने परिवार के साथ मैहर धाम दर्शन के लिए निकले थे। कार में उनके बेटे दिव्यांश चौरसिया (20), मान उर्फ हर्षित चौरसिया (17), बेटी हर्षिता चौरसिया (17), बहन बेबी चौरसिया और बहनोई अनिल चौरसिया सवार थे। परिवार अभी नैनी के लेप्रोसी चौराहे के पास पहुंचा ही था कि विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक्सयूवी बेकाबू होकर डिवाइडर लांघ गई और उनकी कार से जा भिड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन पलट गए और उनके परखच्चे उड़ गए। सड़क पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग और राहगीर दौड़कर मौके पर पहुंचे तथा कारों में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी चाका भेजा, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दीपक चौरसिया और उनके दोनों बेटों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में एक्सयूवी सवार अर्पित यादव निवासी सुल्तानपुर, प्रिंस निवासी महोबा और अंकित भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और एक्सयूवी के बेकाबू होकर गलत लेन में आने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से शांतिपुरम कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है। शुक्रवार सुबह जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

अन्य समाचार