मुख्यपृष्ठसमाचारबिहार में गरीब-गुरबा की सरकार नहीं, बल्कि बुलडोजर राज- दीपंकर भट्टाचार्य

बिहार में गरीब-गुरबा की सरकार नहीं, बल्कि बुलडोजर राज- दीपंकर भट्टाचार्य

अनिल मिश्र / पटना

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने सम्राट चौधरी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में अब गरीब-गुरबा की सरकार नहीं, बल्कि बुलडोजर राज चल रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मॉडल को पूरी तरह उलट दिया है।
शनिवार को राजधानी पटना में पार्टी सम्मेलन के बाद आईएमए हॉल सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपंकर भट्टाचार्य ने ये आरोप लगाए। इस मौके पर पार्टी के राज्य सचिव कुणाल समेत अन्य नेता भी मौजूद रहे।
दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में दलितों, गरीबों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, छात्रों और मजदूरों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाइयों को “न्यू नॉर्मल” बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुलडोजर भाजपा शासन का प्रतीक बन चुका है और इसका इस्तेमाल बड़े अपराधियों के बजाय झुग्गीवासियों, फुटपाथ दुकानदारों और गरीबों के खिलाफ किया जा रहा है।
भाकपा (माले) महासचिव ने हाल के दिनों में बिहार पुलिस की ओर से किए गए कथित “हाफ एनकाउंटर” पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिना किसी पारदर्शी जांच के पिछले चार दिनों में पांच लोगों को गोली मारी गई। साथ ही आरोप लगाया कि पुलिस खुलेआम कह रही है कि गोली पैर में नहीं, बल्कि छाती में मारी जाएगी।
नीट पेपर लीक मामले को लेकर भी दीपंकर भट्टाचार्य ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि नीट जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक होना सिर्फ प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि संगठित अपराध तंत्र और राजनीतिक संरक्षण का परिणाम है।

अन्य समाचार