राजेश सरकार / प्रयागराज
-डुगडुगी पिटवाकर नैनी पुलिस ने की कार्रवाई
नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर हुए चर्चित आरडीएक्स हमले के आरोपी और माफिया दिलीप मिश्र पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को नैनी पुलिस ने प्रयागराज के छिवकी इलाके में स्थित दिलीप मिश्र की लगभग 43 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति को डुगडुगी पिटवाकर कुर्क कर लिया।
इस कार्रवाई के बाद माफिया के छिपे समर्थकों और आर्थिक मददगारों में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि कुर्क की गई संपत्ति अपराध से अर्जित धन से बनाई गई थी।
प्रयागराज के नैनी कोतवाली क्षेत्र स्थित इस संपत्ति पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। प्रशासन का दावा है कि हिस्ट्रीशीटर दिलीप मिश्र ने अवैध गतिविधियों के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की थी, जिसकी जांच लगातार जारी है।
दिलीप मिश्र के खिलाफ हत्या, रंगदारी, गैंगस्टर समेत करीब 54 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह वर्ष 2010 में बसपा शासनकाल के दौरान कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर हुए आरडीएक्स हमले के साजिशकर्ता के रूप में सुर्खियों में आया था। फिलहाल वह वर्ष 2020 से फतेहगढ़ जेल में बंद है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अपराध और माफिया तंत्र के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं, इस बड़ी कार्रवाई के बाद माफिया से जुड़े नेटवर्क में बेचैनी बढ़ गई है।
माफिया एवं हिस्ट्रीशीटर दिलीप मिश्र की अवैध रूप से अर्जित नैनी के दाउदनगर छिवकी स्थित लगभग 43 लाख रुपये की संपत्ति को कुर्क करते हुए पुलिस ने डुगडुगी पिटवाकर मुनादी भी कराई। कार्रवाई के दौरान एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह, नैनी इंस्पेक्टर बृज किशोर गौतम सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
बताया जा रहा है कि दिलीप मिश्र की अन्य अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी, जिसकी तैयारी जारी है।
