मुख्यपृष्ठसमाचारडॉक्टरों की परीक्षा में धांधली शर्मनाक, धर्मेंद्र प्रधान दें इस्तीफा : कांग्रेस

डॉक्टरों की परीक्षा में धांधली शर्मनाक, धर्मेंद्र प्रधान दें इस्तीफा : कांग्रेस

अनिल मिश्र / पटना

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा में कथित पेपर लीक, धांधली और भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में कई बार पेपर लीक और अनियमितताओं के मामले सामने आए हैं।
इस संबंध में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि प्रो. विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, विपिन बिहारी सिन्हा, विशाल कुमार, इंटक के महासचिव टिंकू गिरी और सुजीत गुप्ता समेत अन्य नेताओं ने कहा कि वर्ष 2024 और 2026 में नीट परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली और पेपर लीक के गंभीर आरोप लगे।
नेताओं ने कहा कि इन घटनाओं के बाद देशभर में भारी विरोध प्रदर्शन हुए और लाखों छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र लगातार एनटीए को समाप्त करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं दिख रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्ष 2015, 2021 और 2022 में भी पेपर लीक के मामले सामने आए थे और कई मामले अदालत तक पहुंचे। उनका आरोप है कि वर्ष 2024 और 2026 में परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने की नौबत आ गई।
उन्होंने दावा किया कि देश के करीब 22 लाख परीक्षार्थियों में भारी आक्रोश है। नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा का पेपर लीक होना केवल परीक्षा व्यवस्था की विफलता नहीं, बल्कि देशवासियों के भविष्य और स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ खिलवाड़ है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रखंड, जिला, प्रमंडल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। पार्टी संसद से लेकर सड़क तक इस मुद्दे पर आंदोलन को समर्थन देगी।

अन्य समाचार