मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिफिट इंडिया, ग्रीन सिटी की खातिर ब्रांड एंबेसडर ज़ैनुल आबिदीन का न्योता-आओ...

फिट इंडिया, ग्रीन सिटी की खातिर ब्रांड एंबेसडर ज़ैनुल आबिदीन का न्योता-आओ संडे साइकिल के संग…

फिट इंडिया मूवमेंट के ब्रांड एंबेसडर ज़ैनुल आबिदीन अपनी अलग पहचान “मुरादाबाद एक्सप्रेस” के रूप में भी रखते हैं। अपने हर लक्ष्य के प्रति गंभीर और समर्पित ज़ैनुल आबिदीन पिछले एक दशक से देशभर में साइकिलिंग और फिटनेस को बढ़ावा देने के अभियान में जुटे हुए हैं।
अब उनकी निगाह वर्ल्ड साइकिल डे पर है। वह चाहते हैं कि पूरा शहर साइकिलों पर सवार दिखाई दे। इसी उद्देश्य से वह हर रविवार लोगों को “संडे साइकिल के संग” मुहिम से जुड़ने का न्योता दे रहे हैं।
इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने समाजसेवी सरदार गुरविंदर सिंह के सहयोग से मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह का आशीर्वाद भी प्राप्त किया है।
इस नई मुहिम के तहत रविवार सुबह 6:30 बजे कंपनी बाग से साइकिल यात्रा शुरू होगी। ज़ैनुल आबिदीन की अगुवाई में यह कारवां आयुक्त कार्यालय, अंबेडकर पार्क और अटल पथ होते हुए वापस उसी मार्ग से लौटेगा।
गोल्ड जिम तथा स्मार्ट सिटी मुरादाबाद के ब्रांड एंबेसडर ज़ैनुल आबिदीन ने शहरवासियों से अपील की है कि जो लोग इस अभियान का हिस्सा बनना चाहते हैं, उन्हें पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड साथ लाना आवश्यक होगा। जिन लोगों के पास साइकिल नहीं है, उन्हें कंपनी बाग से साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 18 मई को भी 9 किलोमीटर की साइकिलिंग रैली आयोजित की गई थी। उस दौरान कंपनी बाग से जामा मस्जिद तक साइकिल यात्रा निकाली गई थी। साइकिलिंग प्रेमी गुरहट्टी, मंडी चौक और अमरोहा गेट होते हुए जामा मस्जिद पहुंचे थे।
ज़ैनुल आबिदीन ने बताया कि 31 मई की साइकिल यात्रा का रूट बाद में तय किया जाएगा।

अन्य समाचार