झारखंड के चतरा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। लावालांग थाना क्षेत्र के तुंगुन गांव में एक युवक ने अपनी मां के कथित प्रेमी की हत्या कर शव को जंगल में दफना दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गुड्डू मुंडा के रूप में हुई है। आरोप है कि मुख्य आरोपी राकेश मुंडा अपनी मां और गुड्डू के बीच कथित प्रेम संबंधों से नाराज था। इसी वजह से उसने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
एसडीपीओ (सिमरिया) नगरगोजे शुभम भाऊ साहब ने बताया कि ३० मार्च को आरोपी और उसके साथी माधनिया घाटी में पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही गुड्डू मुंडा बस से गुजर रहा था, उसे जबरन नीचे उतार लिया गया। इसके बाद आरोपियों ने उसकी पिटाई की और जंगल में ले जाकर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को गड्ढे में दफना दिया गया।
आरोपियों तक पहुंची पुलिस और फिर…
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के पिता ने बेटे के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपी महेश गंझू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या और शव दफनाने की पूरी जानकारी दी। पुलिस ने महेश, नितेश कुमार और कमलेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी राकेश मुंडा की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
