-महीने का कमा रहा है एक लाख रुपए
-इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है वीडियो
सामना संवाददाता / मुंबई
हिंदुस्थान की टेक राजधानी बंगलुरु एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गई है। इस बार वजह कोई स्टार्टअप या रोबोट नहीं, बल्कि एक साधारण सब्जी विक्रेता है, जिसे सड़क किनारे सब्जियां बेचते समय हाई-टेक एआई डिवाइस पहने देखा गया। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा यह शख्स सिर पर वैâमरा और सेंसर से लैस खास हेडसेट लगाए हुए है। दावा किया जा रहा है कि वह सब्जियां बेचने के साथ-साथ एआई कंपनियों के लिए डेटा कलेक्शन का काम भी कर रहा है और इसी से हर महीने करीब १ लाख रुपए तक कमा रहा है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वीडियो ने इंटरनेट पर बहस जरूर छेड़ दी है।
सिर पर स्मार्ट डिवाइस
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सब्जी विक्रेता सामान्य तरीके से ग्राहकों से बात करता और सब्जियां बेचता दिखाई देता है, लेकिन उसके सिर पर लगा स्मार्ट डिवाइस लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।
टमाटर खरीदने के साथ करो एआई मॉडल को ट्रेंड
एक सब्जी विक्रेता सब्जी बेचने के साथ ही एआई के लिए डेटा भी जुटा रहा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो पर काफी मजेदार कमेंट आ रहे हैं। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘यहां आप टमाटर खरीदते-खरीदते एआई मॉडल भी ट्रेन करवा सकते हैं!’
बता दें कि सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि यह विक्रेता के सिर पर लगा उपकरण इंसानों की बातचीत, गतिविधियों और रोजमर्रा के व्यवहार से जुड़ा डेटा रिकॉर्ड करता है, जिसका इस्तेमाल एआई मॉडल को ट्रेन करने में किया जाता है। माना जा रहा है कि ऐसी तकनीकें भविष्य की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रणालियों को ज्यादा स्मार्ट बनाने में मदद करती हैं। वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट यूजर्स ने इसे भविष्य की झलक बताना शुरू कर दिया। कई लोगों का कहना है कि बंगलुरु जैसे शहरों में टेक्नोलॉजी अब आम जिंदगी का हिस्सा बनती जा रही है। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘यहां आप टमाटर खरीदते-खरीदते एआई मॉडल भी ट्रेन करवा सकते हैं’ वहीं दूसरे यूजर ने कहा, ‘यह जितना दिलचस्प है, उतना ही डराने वाला भी है। ऐसा लग रहा है जैसे साइबरपंक दुनिया सच हो गई हो!’
