मुख्यपृष्ठनए समाचारसिर्फ अच्छी विज्ञापनबाजी नहीं...देश को अच्छे नेतृत्व की जरूरत है!.. आदित्य ठाकरे...

सिर्फ अच्छी विज्ञापनबाजी नहीं…देश को अच्छे नेतृत्व की जरूरत है!.. आदित्य ठाकरे का भाजपा सरकार पर निशाना

सामना संवाददाता / मुंबई

शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख और विधायक आदित्य ठाकरे ने पेपर लीक, र्इंधन संकट तथा बिजली, पानी और एलपीजी की कमी को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि सरकार डबल इंजन की हो या ट्रिपल इंजन की, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। देश को केवल अच्छी विज्ञापनबाजी करने वाली सरकार नहीं, बल्कि जनहित के लिए काम करने वाली सरकार की जरूरत है। बेहतर प्रशासन चलाने वाली नेतृत्व क्षमता की आवश्यकता है। आदित्य ठाकरे ने राज्य और देश की वर्तमान परिस्थितियों पर सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होना, र्इंधन संकट, एलपीजी की कमी, पानी की कमी, देश के प्रमुख शहरों और अधिकांश जिलों में केंद्रीय परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होना बेहद गंभीर मामला है। सरकार डबल इंजन हो या ट्रिपल इंजन की, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। केंद्र में भाजपा की लगातार १२ वर्षों से सत्ता है। १२ वर्ष पहले ‘अच्छे दिन’ का वादा किया गया था, लेकिन उसे पूरा करने के बजाय सरकार २०४७ का सपना दिखाने में व्यस्त है, जबकि कुछ लोग २०५६ की तस्वीर भी पेश कर रहे हैं।
दबाई जा रही आवाज
सोशल मीडिया पर चल रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के खिलाफ सरकार द्वारा कार्रवाई किए जाने के मुद्दे पर भी आदित्य ठाकरे ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतंत्र के लिए उठने वाली आवाजों को दबाने में लगी हुई है और जो आवाजें राजनीतिक नहीं हैं तथा अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रही हैं, उन्हें भी दबाया जा रहा है।

अन्य समाचार