-१५ दिनों से गर्मी में लोग बेहाल…बार-बार पाइप फटने से जल संकट… ठेकेदार मंत्री का करीबी रिश्तेदार
सामना संवाददाता / मुंबई
महायुति सरकार विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर पेश कर रही है। मामला राज्य के उद्योग मंत्री और रत्नागिरी के पालकमंत्री उदय सामंत के पाली गांव का है, जहां विकास के तमाम दावों के बावजूद लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लोगों का कहना है यहां पानी आपूर्ति के लिए बिछाई गई पाइप लाइन में बड़ा घोटाला किया गया है।
बता दें कि पिछले १५ दिनों से गांव में पानी की गंभीर किल्लत बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने कई बार शिकायतें कीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली और सरकार के विकास के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पाली ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले पाली बाजार और देवताले क्षेत्रों में पानी सप्लाई करने वाली योजना की मुख्य पाइपलाइन फटने से पूरी जलापूर्ति बाधित हो गई है। बीते १५ दिनों में लोगों को केवल एक बार पानी मिला, जिसके बाद नल फिर सूख गए। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को पानी के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। लाखों रुपए खर्च कर बनाई गई जलापूर्ति योजना और पर्याप्त जल उपलब्धता के बावजूद घटिया निर्माण कार्य के कारण मुख्य पाइपलाइन बार-बार फट रही है। इलाके में यह चर्चा भी है कि इस काम का ठेका मंत्री के करीबी रिश्तेदार को दिया गया था।
तत्काल कार्रवाई की मांग
लोग आरोप लगा रहे हैं कि मरम्मत कार्य में जानबूझकर देरी की जा रही है। ग्रामीणों ने गैर-जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या ग्राम पंचायत और प्रशासन मंत्री के करीबी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत दिखाएंगे।
