मुख्यपृष्ठअपराधदलित छात्रा से गैंगरेप और बिजली संकट को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल,...

दलित छात्रा से गैंगरेप और बिजली संकट को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल, डीएम कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन

राजेश सरकार

प्रयागराज। महोबा की एक दलित छात्रा के साथ प्रयागराज में हुए सामूहिक दुष्कर्म, प्रदेशभर में जारी अघोषित बिजली कटौती तथा स्मार्ट मीटर की प्रीपेड व्यवस्था के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी और जिला यमुनापार कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर धरना दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ता “दलित छात्रा को न्याय दो”, “बिजली कटौती बंद करो” और “स्मार्ट मीटर के नाम पर वसूली बंद करो” जैसे नारों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
धरने को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी और यमुनापार जिलाध्यक्ष अशोक पटेल ने प्रदेश सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं तथा आए दिन अपहरण, दुष्कर्म और अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
नेताओं ने मांग की कि दलित छात्रा से गैंगरेप के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए तथा पीड़िता को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रदेश में जारी भीषण बिजली कटौती पर रोक लगाने और स्मार्ट मीटर की प्रीपेड व्यवस्था के नाम पर हो रहे कथित आर्थिक शोषण को बंद करने की मांग भी उठाई गई।
कांग्रेस कोऑर्डिनेटर हरिकेश त्रिपाठी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को संबोधित ज्ञापन एडीएम सिटी को सौंपा गया।
इस दौरान परवेज सिद्दीकी, फिरोज अहमद, जितेंद्र कुमार राय, प्रदीप नारायण द्विवेदी, मंजू संत, मानस शुक्ला, नयन कुशवाहा, प्रतिमा त्रिपाठी, बृजेश गौतम, डॉ. अनिल गौड़, माधवी राय, आबिद खान, इश्तियाक, कमाल अली, मुश्ताक अहमद, रुखसाना बेगम, राजू सिंह पटेल, अवनीश कोल, अफरोज अहमद, लोकेंद्र सिंह पटेल, नसरीन बानो, तबरेज अहमद, उमा नंद द्विवेदी, शाहनवाज कुरैशी, देवेंद्र कुमार, संदीप शर्मा, अहमद उल्ला और विनोद जैकब सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अन्य समाचार