योगेश कुमार सोनी / पूर्वी दिल्ली
पूर्वी दिल्ली में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। बढ़ते सड़क हादसों और ट्रैफिक अव्यवस्था को देखते हुए यमुनापार इलाके में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत केवल चालान ही नहीं, बल्कि गंभीर मामलों में एफआईआर भी दर्ज की जा रही है। दो दिनों में ट्रैफिक पुलिस ने 278 से ज्यादा एफआईआर दर्ज कर करीब एक हजार वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस का साफ कहना है कि रॉन्ग साइड ड्राइविंग को लेकर अब जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। रॉन्ग साइड की वजह से सबसे ज्यादा हादसे होते हैं, जिसको लेकर यह अभियान चलाया गया।
फिलहाल, विवेक विहार ट्रैफिक सर्कल में बड़े स्तर पर कार्रवाई जारी है। शाहदरा जीटी रोड और इंडस्ट्रियल एरिया के आस-पास लंबे समय से रॉन्ग साइड ड्राइविंग की समस्या बनी हुई है। यहां फ्लाईओवर पार करने के बाद यू-टर्न करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर पड़ता है।
दिल्ली में रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन
कई लोग कुछ मिनट बचाने के लिए करीब 300 मीटर तक वाहन रॉन्ग साइड दौड़ा देते हैं। यही लापरवाही कई बार बड़े हादसों की वजह बनती है। दिल्ली और यूपी की ओर से आने वाला तेज रफ्तार ट्रैफिक आमने-सामने आने से दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।
अभियान के दौरान केवल बाइक और स्कूटी चालकों पर ही नहीं, बल्कि ई-रिक्शा, टैंपो, ट्रैवलर और लोडर वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। कई जगहों पर ट्रैफिक पुलिस की टीम बैरिकेडिंग कर निगरानी कर रही है। नियम तोड़ने वालों के चालान काटे जा रहे हैं और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रॉन्ग साइड चलना सिर्फ अपनी जान को खतरे में डालना नहीं, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जिंदगी से भी खिलवाड़ है। डीसीपी ट्रैफिक (ईस्ट) के अनुसार, यमुनापार इलाके में शुक्रवार को 178 एफआईआर दर्ज की गईं और करीब एक हजार चालान किए गए। वहीं शनिवार रात 8 बजे तक करीब 100 एफआईआर दर्ज हो चुकी थीं और आगे भी जारी है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।
यातायात नियमों का पालन न करने वालों पर अब ट्रैफिक पुलिस का शिंकजा हर रोज कसा जाएगा।रोंग साइड चलने से सबसे ज़्यादा हादसे होते हैं और एक की गलती की दूसरे की बिना वजह जा सकती है। इसके बाक़ी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
