-१० दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में चौथी बार इजाफा
-अब दवाओं से लेकर खाने-पीने की चीजें तक होंगी महंगी
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में महज १० दिन में ही तेल कंपनियों ने चार बार बढ़ोतरी की है। लगातार पेट्रोल-डीजल महंगा होने से देश में महंगाई का बड़ा खतरा खड़ा हो रहा है, ऐसा इसलिए क्योंकि इसका असर जल्द ही उन जगहों पर दिखना शुरू हो सकता है। इसकी वजह है ट्रांसपोर्टेशन महंगा हो जाएगा और ऐसा होने से खाने-पीने की चीजों से लेकर किराने का सामान, दवाएं, ट्रैवलिंग समेत रोजमर्रा की जरूरत के सामानों के दाम बढ़ सकते हैं।
देश में तेल कंपनियों ने १५ मई को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का एलान किया था और इनकी कीमत में ३ रुपए प्रति लीटर का इजाफा किया था। इसके बाद १९ मई को फिर फ्यूल बम फूटा और र्इंधन की कीमत में ८७ पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया गया। बात यहीं नहीं रुकी और २३ मई को ९७ पैसे प्रति लीटर दाम बढ़ाए गए। इसके बाद २५ मई को तेल कंपनियों ने चौथी बढ़ोतरी करते हुए पेट्रोल २.६१ रुपए प्रति लीटर, जबकि डीजल २.७१ रुपए प्रति लीटर महंगा कर दिया।
`रहम कीजिए मोदी जी’
दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और आप नेता मनीष सिसोदिया ने भी पेट्रोल की कीमतों को लेकर लिखा, रहम कीजिए मोदी जी, आप रोजाना पेट्रोल-डीजल महंगा कर रहे हो, सैलरी किसी की बढ़ नहीं रही, नौकरी बची रहे यही गनीमत है। व्यापार सबके चौपट पड़े हैं आपके राज में।
`चुपके से लोगों की जेब काट रहे महंगाई मैन मोदी’
देश में बढ़ी पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाती हैं, ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे।
`जनता में भी थोड़ी `मेलोडी’ बांटो मोदी’
सांसद पप्पू यादव ने एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए पीएम मोदी पर तंज कसा। लिखा है, लगभग तीन रुपए डीजल-पेट्रोल का दाम फिर बढ़ाया, बंगाल चुनाव के बाद अब तक करीब आठ रुपए प्रति लीटर दाम बढ़ा चुके हैं। यह तो अभी शुरुआत है, मेलोनी को मेलोडी बांटेंगे और देश के साथ ट्रेजेडी कर जनता की जेब काटेंगे। जनता जिमखाना क्लब बंद होने पर ताली पीटेगी। आ गए न अच्छे दिन।
