उमेश गुप्ता / वाराणसी
सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने अनोखा और आक्रामक प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ता सड़कों पर गौमाता को अपने साथ लेकर उतरे, उनकी पूजा-अर्चना की, चारा खिलाया तथा केंद्र सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की।
इस प्रदर्शन के माध्यम से समाजवादी पार्टी ने भाजपा के ‘गौ-प्रेम’ के दावों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आस्था के नाम पर केवल वोट बैंक की राजनीति की जा रही है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा नेता जीशान अंसारी ने कहा कि भाजपा के लिए गाय केवल चुनावी लाभ का माध्यम बनकर रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय भाजपा नेताओं को गौमाता की याद आती है, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही गायों को सड़कों पर लावारिस छोड़ दिया जाता है, जहां वे भूख और प्लास्टिक खाने को मजबूर होती हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में संचालित सरकारी गौशालाएं भ्रष्टाचार का केंद्र बन गई हैं। करोड़ों रुपये का बजट कागजों पर खर्च दिखाया जाता है, जबकि जमीनी स्तर पर गायें भूख और बीमारियों से दम तोड़ रही हैं।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से शिवेंद्र राय, जितेंद्र पटेल, संजय पटेल, प्रीतम यादव, अमित कुमार ‘विक्की’, पुनीत मौर्य, राज श्रीवास्तव, जवाहर यादव, आरिफ खान, फरहान सिद्दीकी, धीरू चौबे, फहद सिद्दीकी, दाऊद खान, कैफ अहमद, सिद्धार्थ सोनकर और इमरान खान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
