गुरिंदरवीर सिंह ने भारतीय एथलेटिक्स में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसका देश को लंबे समय से इंतजार था। रांची में आयोजित फेडरेशन कप एथलेटिक्स चैंपियशिप में गुरिंदरवीर सिंह ने पुरुषों की १०० मीटर दौड़ सिर्फ १०.०९ सेकंड में पूरी कर नया इतिहास रच दिया। इसके साथ ही वह १०० मीटर स्पर्धा में १०.१० सेकंड से कम समय निकालने वाले पहले भारतीय पुरुष धावक बन गए। २४ वर्षीय गुरिंदरवीर सिंह ने बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में २३ मई को हुए फाइनल में शानदार दौड़ लगाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने १०.०९ सेकंड का समय निकालकर भारतीय स्प्रिंटिंग को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। दिलचस्प बात यह रही कि रिकॉर्ड टूटने का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। सेमीफाइनल में पहले गुरिंदरवीर ने १०.१७ सेकेंड दौड़कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा, लेकिन कुछ ही मिनट बाद अनिमेष कुजूर ने १०.१५ सेकेंड का समय निकालकर रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हालांकि फाइनल में गुरिंदरवीर सिंह ने जोरदार वापसी करते हुए सभी को पीछे छोड़ दिया और नया इतिहास रच दिया।
