मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई-गोवा हाईवे पर अधूरे काम से भारी नाराजगी

मुंबई-गोवा हाईवे पर अधूरे काम से भारी नाराजगी

-भीषण ट्रैफिक जाम से लोग परेशान…१७ साल बाद भी कछुआ चाल से काम

एजेंसी / मुंबई

मुंबई-गोवा महामार्ग पर १२ पुलों का काम अटका है। लंबी देरी और संभावित टोल वसूली को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। खारपाडा में टोल-विरोधी आंदोलन की तैयारी भी बताई गई है। उधर कोंकण की जीवनरेखा माना जाने वाला मुंबई-गोवा राष्ट्रीय महामार्ग एक बार फिर यात्रियों के लिए सिरदर्द साबित हो रहा है।
रविवार की छुट्टी के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग कोकण और गोवा की ओर निकले थे, लेकिन उनकी खुशी उस वक्त काफूर हो गई जब वे महामार्ग पर घंटों तक भीषण ट्रैफिक जाम में फंस गए। रायगढ़ जिले के इंदापुर और माणगांव क्षेत्र में स्थिति इतनी विकट रही कि हजारों वाहन एक ही जगह पर डेढ़ से दो घंटे तक टस से मस नहीं हो सके। इस यातायात जाम का सबसे बड़ा कारण महामार्ग का पिछले १७ वर्षों से चल रहा बेहद सुस्त निर्माण कार्य है। स्थानीय निवासियों और यात्रियों का कहना है कि इतने लंबे समय के बाद भी सड़क का काम पूरा न होना प्रशासनिक विफलता का प्रमाण है। कई स्थानों पर अभी भी सड़क एकतरफा है, जिसके कारण वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। विशेष रूप से माणगांव-इंदापुर के बीच निर्माणाधीन फ्लाईओवर और संकरी सड़कें ट्रैफिक की मुख्य वजह बन रही हैं।
भीषण गर्मी में बुरा हाल
जाम के दौरान यात्रियों को न केवल समय की बर्बादी झेलनी पड़ी, बल्कि चिलचिलाती धूप और गर्मी ने उनकी मुश्किलों को दोगुना कर दिया। वाहनों में फंसे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की हालत सबसे ज्यादा खराब रही। सोशल मीडिया पर यात्रियों ने प्रशासन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर करते हुए सवाल पूछा कि आखिर यह महामार्ग कब तक परेशानी मार्ग बना रहेगा? पर्यटकों का कहना है कि वे छुट्टियों का आनंद लेने निकले थे, लेकिन उनका सारा समय ट्रैफिक में ही बर्बाद हो गया।

अन्य समाचार