राजेश सरकार / प्रयागराज
संगम नगरी के यमुनानगर क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे जसरा बाईपास के पास हुए सड़क हादसे में 40 वर्षीय फूलचंद पुत्र अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जसरा पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि फूलचंद सनई का पूरा गांव के निवासी हैं। दुर्घटना में उनके चेहरे, मुंह और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल में स्ट्रेचर पर लेटे फूलचंद बातचीत करते नजर आए, लेकिन दर्द और चक्कर की वजह से वह हादसे की परिस्थितियों के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं बता सके।
समाचार लिखे जाने तक चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी था। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
