मुख्यपृष्ठसमाचारसरेराह धू-धू कर जल उठी सुल्तानपुर के डीएसपी सिटी की कार!

सरेराह धू-धू कर जल उठी सुल्तानपुर के डीएसपी सिटी की कार!

सामना संवाददाता/सुल्तानपुर

-गनीमत… गाड़ी में नहीं थे सीओ व अन्य पुलिसकर्मी, मचा हड़कंप।

-चालक ने वाहन से कूदकर बचाई जान

अवध क्षेत्र के सुल्तानपुर जिले के एक बड़े पुलिस अफसर का सरकारी वाहन मंगलवार शाम सरेराह हाईवे पर अचानक धू-धू कर जल उठा। गनीमत रही कि उस वक्त वाहन में सिर्फ चालक था, जिसने आनन-फानन में वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन उनकी बचाव की कोशिश विफल रही। हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
घटनाक्रम के मुताबिक, मंगलवार शाम सुल्तानपुर के सीओ सिटी (पुलिस उपाधीक्षक नगर) सौरभ सामंत की सरकारी कार उनका चालक शहर के अमहट चौराहे की ओर लेकर जा रहा था। अभी वह अमहट चौराहे पर पहुंचा ही था कि सरकारी गाड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी उसकी चपेट में आ गई। सरेराह धू-धू कर जल रही सीओ सिटी की कार का वीडियो भी राहगीरों ने सोशल मीडिया पर वायरल करना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी से अचानक धुआं उठने लगा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। घटना के बाद हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने किसी तरह नियंत्रित किया।
दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। सीओ सिटी सौरभ सामंत ने बताया कि वाहन में पहले से शॉर्ट सर्किट की समस्या थी और चालक उसे मरम्मत के लिए सर्विस सेंटर ले जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक आग लग गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय गाड़ी में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। केवल चालक ही वाहन लेकर जा रहा था, जो समय रहते बाहर निकल गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने की घटना के बाद अमहट चौराहे पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

अन्य समाचार

मेरी मां