सामना सांवददाता / मुंबई
कांग्रेस ने महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे के राहुल गांधी पर दिए गए कथित बयान को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता एवं मीडिया समन्वयक सुरेशचंद्र राजहंस ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता पर टिप्पणी करने से पहले नितेश राणे को अपनी ‘औकात और राजनीतिक हैसियत’ देखनी चाहिए।
सुरेशचंद्र राजहंस ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के बीच राहुल गांधी के खिलाफ अपमानजनक और विवादित बयान देने की होड़ लगी हुई है। उन्होंने कहा कि नितेश राणे लगातार विपक्षी नेताओं के खिलाफ निम्नस्तरीय भाषा का इस्तेमाल करते रहे हैं, जो उनकी राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा में विपक्षी नेताओं के खिलाफ जितनी अधिक आक्रामक भाषा का इस्तेमाल किया जाता है, उतना ही राजनीतिक लाभ और ‘इनाम’ मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठाकरे और गांधी परिवार पर निशाना साधकर कुछ नेता अपने ‘आका’ को खुश करने की कोशिश करते हैं। राजहंस ने यह भी कहा कि राणे परिवार लंबे समय तक कांग्रेस में रहा है और शिवसेना से निकाले जाने के बाद कांग्रेस ने ही उन्हें राजनीतिक मंच दिया था।
मुंबई कांग्रेस प्रवक्ता ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल जारी रहा तो उसी भाषा में जवाब दिया जाएगा। राजनीति में मर्यादा बनाए रखना जरूरी है और व्यक्तिगत टिप्पणी से बचना चाहिए।
